संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। विकास खंड माछरा के अंतर्गत आने वाले गांव नंगली किठौर में अंत्योदय राशन कार्डधारकों को जारी किए गए नोटिस और उसके बाद पूर्ति विभाग द्वारा की गई कार्रवाई का मामला दोबारा से गरमा गया है। इस मामले में पारदर्शिता और गरीब परिवारों के हक की आवाज बुलंद करते हुए गांव निवासी सुबोध कुमार ने जिला आपूर्ति अधिकारी से अंतरिम कार्रवाई की स्थिति और रिपोर्ट की प्रमाण प्रति मांगी है।
ग्राम पंचायत नंगली किठौर में कुल 46 अंत्योदय राशन कार्ड में से 45 कार्ड लगभग 10 से 12 वर्ष पूर्व जारी किए गए थे। इतने लंबे समय से चल रहे इन कार्डों की पात्रता को लेकर नंगली किठौर निवासी सुबोध कुमार ने सवाल उठाए तो विभाग ने 35 लोगों को शॉर्टलिस्ट करते हुए उनसे स्पष्टीकरण और साक्ष्य मांगे, जिसमें साक्ष्य प्रस्तुत करने का समय 15 दिन दिया गया था। अब नोटिस की 15 दिनों की अवधि बीत चुकी है। इस मामले में विभाग द्वारा की गई आगे की कार्रवाई का पूरा विवरण सुबोध कुमार द्वारा मांगा गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। जल्दी ही मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को बिंदुवार आख्या उपलब्ध कराई जाएगी।