फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र बनवाने के आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज
मवाना। पैसे लेकर 10वीं कक्षा के फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्र बनवाने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इस संबंध में पीड़ित ने दो दिन पूर्व ही एसएसपी से शिकायत की थी।
गांव खेड़ी मनिहार निवासी अर्जुन चौधरी ने बताया कि उन्होंने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया कि वह एक साल पहले अपने भाई करण का हाईस्कूल में प्रवेश कराना चाहता था। हरियाणा निवासी उसके दोस्त ने कहा कि वह उसके भाई का कक्षा 10वीं तथा खेलकूद में भी प्रवेश करवा देगा। जिसके एवज में आरोपी ने उससे 2.60 लाख रुपये लिए। एक वर्ष बाद कक्षा 10वीं की अंकतालिका व खेलकूद का प्रमाणपत्र उसे दे दिया गया। शक होने पर उसने कागजात की जांच कराई तो वे फर्जी निकले।
26 जून को एसएसपी कार्यालय में शिकायत के बाद इसे अग्रिम कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया गया। लेकिन मवाना थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तथा पुन: जांच के लिए दरोगा को दे दी। एक अनजान व्यक्ति ने उससे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। लेकिन उसके पास इतने पैसे देने के लिए नहीं हैं। पीड़ित ने कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। उसका कहना है कि एसएसपी कार्यालय से उसे पीली पर्ची मिल गई थी।
बुधवार को थाना पुलिस ने आरोपी सागर पुत्र सुरेशचंद निवासी सोनीपत हरियाणा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।