शामली। जिले में लगातार तीन दिन से रात में छा रहे स्मॉग से लोगों को राहत मिली है, लेकिन वायु प्रदूषण कम न होने से आंखों में जलन की समस्या बनी रही। जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक 162 रहा। दिन में हल्के बादल छाए रहे, जिस कारण कभी धूप तेज तो कभी हल्की पड़ी।
जिले में लगातार तीन दिन से स्मॉग छाया रहा। रात के समय लोगाें का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। धुएं के कारण आंखों में जलन व सांस लेने में परेशानी हो रही थी। बुधवार को एक्यूआई 153 रहा था। इससे अगले दिन बृहस्पतिवार को एक्यूआई बढ़कर 173 पर पहुंच गया था। शुक्रवार को एक्यूआई कम होकर 162 हो गया था। इन तीनों दिन ही रात को स्मॉग ही छाया रहा था। शनिवार रात को स्माॅग के धुएं से राहत मिली, लेकिन एक्यूआई स्थिर रहा। रविवार को एक्यूआई 162 रहा।
उधर, सुबह मौसम साफ रहा और चटख धूप निकली। दोपहर में आसमान में हल्के बादल छाने से कभी धूप तेज तो कभी नरम रही। जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा।