मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि ने शनिवार को नया शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया। 20 जनवरी से 15 फरवरी तक यूजी, पीजी में प्राइवेट पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण शुरू होंगे। 10 मार्च से प्रैक्टिकल और 30 मार्च से विवि व कॉलेजों में वार्षिक परीक्षाएं होंगी।
20 जनवरी से 10 फरवरी तक विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन परीक्षा फार्म विषम सेमेस्टर व वार्षिक परीक्षा के भरे जाएंगे। 12 फरवरी से 15 फरवरी तक कॉलेजों द्वारा परीक्षा फार्म विवि में जमा कराएं जाएंगे। 15 फरवरी परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि होगी। अगर इसके बाद फार्म जमा किया जाता है तो 500 रुपये लेट फीस देनी होगी। कॉलेजों में विषम सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम 25 फरवरी व वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम 10 मार्च तक भेजना होगा। प्रैक्टिकल परीक्षा के परीक्षकों की सूची कॉलेजों में विषम सेमेस्टर की 25 जनवरी व वार्षिक की 10 फरवरी तक देनी होगी। सेमेस्टर की कक्षाएं 15 मार्च व वार्षिक प्रणाली की कक्षाएं 10 मई तक पूरी करना होगी। प्रैक्टिकल सेमेस्टर के 10 मार्च व वार्षिक प्रणाली के 10 अप्रैल तक पूरे कराने होंगे। सेमेस्टर व वार्षिक कोर्स की रेग्युलर व प्राइवेट की परीक्षा 30 मार्च से प्रारंभ हो जाएंगी।
25 जून से ग्रीष्म अवकाश होगा
विवि व कॉलेजों में 25 जून से ग्रीष्म अवकाश शुरू होकर 30 जुलाई तक चलेगा। प्रैक्टिकल की सूची कॉलेजों को एक मार्च तक जारी कर दी जाएगी। प्रैक्टिकल परीक्षा की तिथि विषम सेमेस्टर की 15 अप्रैल व वार्षिक प्रणाली की 30 मई होगी।
180 दिन से कम कक्षाएं हुईं तो चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
विवि के कार्यक्रम अनुसार अगर किन्हीं कारणों से 180 दिन से कम शिक्षण दिवस हुए तो उतने शिक्षण दिवसों की पूर्ति अतिरिक्त क्लास लगाकर होगी। विषम सेमेस्टर की परीक्षा की अंतिम तिथि से चौथे दिन पर सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
शोक सभाओं के लिए भी तय समय
विवि व कॉलेजों में कार्यरत स्टाफ, शिक्षक के निधन पर शोक सभाओं का आयोजन दोपहर 3.30 बजे होगा। तब तक कक्षाएं चालू रहेंगी। शोकसभा के लिए कक्षाएं बंद नहीं की जाएंगी।