केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल ने बताया कि खैरनगर में 100 मेडिकल स्टोर हैं जो हॉल सेल में ग्लूकोज़, एनर्जी ड्रिंक और ओआरएस बेचते हैं, इनकी हर रोज की बिक्री करीब 15 लाख रुपये है।
इसके अलावा करीब 250 मेडिकल स्टोर ऐसे हैं जो ओआरएस-ग्लूकोज हॉल सेल में बेचते हैं, उनकी बिक्री हर रोज की 10 लाख रुपये से ज्यादा है। यह बिक्री तो हॉल सेल की है। रिटेल में जाकर यह और भी ज्यादा कीमत में लोगों तक पहुंच रहा होगा। ग्लूकोज और ओआरएस की मांग बहुत बढ़ गई है।
दिन में आसमान से बरसी आग, शाम को छाए बादल
गर्मी का रौद्र रूप कम नहीं हो रहा है। बुधवार को मौसम के तेवर दिन भर तल्ख रहे और शाम होते-होते आसमान पर बादल छा गए। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आगामी दो दिन में दो से तीन डिग्री तापमान गिर सकता है।
इस समय चल रहे नौतपा से गर्मी का असर कम होता नहीं दिख रहा है। गर्मी ने दिन-रात में जीना मुहाल कर दिया। सुबह से ही आसमान से बरस रही, आग का असर शाम को सूरज ढलने के बाद भी कम नहीं हो रहा है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
बुधवार को मेरठ का एक्यूआई 200 दर्ज किया गया। जयभीमनगर 231, गंगानगर 199, पल्लवपुरम 170, दिल्ली रोड 207, बेगमपुल 212 दर्ज किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि इस समय गर्मी और उमस के बीच लो प्रेशर के बनने के चलते बारिश होने के आसार है। आगामी दो दिन में तराई क्षेत्रों और पहाड़ों पर बारिश होने से वेस्ट यूपी में भी तापमान कम होगा।