जरूरतमंद बच्चों की देखरेख ही असली समाजसेवा : प्रो. एनके तनेजा
- जंतु विज्ञान विभाग की तरफ से 100 बच्चों के खून की हुई जांच
मेरठ। जरूरतमंद बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। ऐसे बच्चों की देखरेख करना ही असली समाजसेवा है। आने वाले समय में यह देश के मजबूत स्तंभ बनेंगे। आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करेंगे। ये बात मंगलवार को जंतु विज्ञान विभाग द्वारा स्ट्रीट गुरुकुल में आयोजित कुलपति स्वास्थ्य योजना रक्त जांच शिविर में कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार तनेजा ने कही। इस दौरान 100 बच्चों का हीमोग्लोबिन चेक कराया गया।
कार्यक्रम में जंतु विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता ने बताया अधिकांश बच्चों का हीमोग्लोबिन 10-13 के बीच आया। कुछ बच्चों का हीमोग्लोबिन 7-10 के बीच आया। ऐसे बच्चों को हीमोग्लोबिन बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों की सलाह दी। इस मौके पर बताया गया कि विश्वविद्यालय के पार्क में सेवा संकल्प समिति के द्वारा सड़क किनारे रहने वाले 100 से अधिक बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती हैं। जिसमें विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों के द्वारा सक्रिय मदद की जाती है। पार्क में बच्चों के लिए विश्वविद्यालय अभियंता मनीष मिश्रा द्वारा टीन शेड और शौचालय का निर्माण कराया गया है। कार्यक्रम का आयोजन क्रोनोबायोलोजी नामक विषय के तहत किया गया। कार्यक्रम में जंतु विज्ञान विभाग से चंद्रपाल, स्वीकृति, अनित, साम्य, अश्वनी, निधि के अलावा सभी शिक्षक तथा एमएससी के छात्र-छात्राओं का योगदान रहा। इस मौके पर प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला, प्रो. एचएस सिंह, प्रो. मृदुल गुप्ता, प्रो. पवन शर्मा, प्रो. अशोक चौबे, प्रो. संजय भारद्वाज, प्रो. बिंदु शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र कुमार व रमेश यादव ने बच्चों का प्रोत्साहन किया। ब्यूरो