सरधना। पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर तहसील कंपाउंड के निकट बाग में चल रही कच्ची शराब तैयार करने की भट्ठी पकड़ ली। मौके से 30 लीटर तैयार कच्ची शराब, लहन से भरे तीन ड्रम और एक बाइक बरामद की। महिला शराब तस्कर समेत दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि तीसरा फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली की आम के बाग में अवैध शराब तैयार करने की भट्ठी चल रही है। सूचना पर एसएसआई विपिन कुमार व चौकी प्रभारी रमन सिंह के नेतृत्व में टीम को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस को देख एक आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने मौके से महिला शराब तस्कर समेत दो को पकड़ लिया। पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की तो शारदा और भोला उर्फ विनोद ने बताया कि वह काफी समय से इस कारोबार में हैं। कच्ची शराब तैयार कर आसपास के क्षेत्र में भी सप्लाई करते हैं। पुलिस ने दोपहर को महिला शराब तस्कर शारदा निवासी सांसी कॉलोनी और भोला उर्फ विनोद निवासी सांसीपुरा को जेल भेज दिया। वहीं फरार राडू को पुलिस तलाश कर रही है।