राशन दुकानों की आवंटन प्रक्रिया अटकी
- आरक्षित दुकानों के लिए भी पूरे आवेदन नहीं मिले
मेरठ। राशन की निलंबित दुकानों को नए सिरे से आवंटित करने की प्रक्रिया उलझती जा रही है। दो चरण की लॉटरी प्रक्रिया के बाद भी करीब 52 दुकानें शेष हैं, जिन्हें आवंटित किया जाना हैं। लेकिन विभाग को खरीददार ही नहीं मिल रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी आरक्षित श्रेणी की 10 दुकानों को लेकर है। राशन की दुकानों का आवंटन पूरा न होने से कार्डधारकों की भी परेशानी बढ़ रही है।
कालाबाजारी के आरोप में निलंबित 184 दुकानों में 82 दुकान पर स्टे के बाद विभाग ने शेष 102 दुकानों को नए सिरे से आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की थी। पहले चरण में 62 दुकानों में से 55 आवंटित हुई और सात दुकानों को खरीदार नहीं मिले। चुनी दुकानों के कुछ खरीदारों ने भी आवंटन रद्द करा लिया। विभाग के पास अभी 52 दुकान शेष हैं, जिनको नए सिरे से आवंटित कराना है।
शेष दुकानों में 40 दुकानें देहात और 12 दुकानें नगरीय क्षेत्र की बताई जा रही हैं। इनमें 10 दुकान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व सैनिक और दिव्यांग श्रेणी की हैं। दूसरे चरण में इन दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए लेकिन कोई खास रुचि नहीं दिखी। कुछ आवेदन मिले लेकिन सभी पात्रता की कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे थे। इस कारण उन्हें निरस्त कर दिया गया।
----
वर्जन-
तीसरे चरण में 52 दुकान शामिल होंगी। जल्द अफसरों से बात कर प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास होगा। जहां तक आरक्षित दुकानों की बात है तो उनकी आवंटन प्रक्रिया, आवेदन पत्रों पर निर्भर करेगी। क्योकि इनमे नियम नजरअंदाज नहीं किये जा सकते। - नीरज सिंह, डीएसओ
---