बहसूमा(मेरठ)। अगर आप राशन कार्ड बनवाने जा रहे हैं तो उससे पहले आपके पास आय प्रमाण पत्र होना जरूरी है। सरकार ने राशन कार्ड बनवाते समय आय प्रमाण पत्र को दिखाना अनिवार्य कर दिया है। उसके बाद आप राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में दो लाख रुपये और शहरी क्षेत्र में तीन लाख रुपये की वार्षिक आय वालों का ही राशन कार्ड बनाया जाऐगा।
शासन ने राशन कार्ड बनाने का नियम में बदलाव किया है। राशन कार्ड बनवाने वालों को तहसील में जाकर परिवार की आय प्रमाण पत्र बनवाना होगा। प्रमाण पत्र का भी ऑनलाइन आवेदन करना होगा। प्रमाण पत्र बनने पर आप राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिसमें आय प्रमाण पत्र की पंजीयन संख्या, प्रमाण पत्र जारी करने की तारीख और आय भरना होगा। वहीं, आय प्रमाण पत्र स्कैन कर राशन कार्ड के दस्तावेजों के साथ लगाया जाएगा। आपूर्ति निरीक्षक जांच कर राशन कार्ड जारी करेंगे। मवाना आपूर्ति निरीक्षक जोगेंद्र सिंह के मुताबिक यह बदलाव करीब डेढ़ माह पूर्व हो गया था। लेकिन अब इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया है। अब राशन कार्ड बनवाने वालों को तहसील से आय प्रमाण पत्र बनवाना होगा। इसके बाद ही राशन कार्ड के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेंगे।