दूसरी रैपिड रेल दुहाई डिपो पहुंच गई है। इस ट्रेन कोच को गाजियाबाद पहुंचने में दो सप्ताह लगे हैं। सभी छह कोच को सड़क मार्ग से बड़े ट्रेलरों के जरिये लाया गया है।
अक्तूबर में ट्रायल रन की तैयारियों के बीच सोमवार को छह कोच की दूसरी रैपिड रेल दुहाई डिपो पहुंच गई है। गुजरात के सांवली स्थित एलस्ट्रोम प्लांट से दूसरी रैपिड रेल को गाजियाबाद पहुंचने में दो सप्ताह लगे हैं। सभी छह कोच को सड़क मार्ग से बड़े ट्रेलरों के जरिये लाया गया है। अब दुहाई डिपो में नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) के अधिकारियों की निगरानी में सभी कोच को सावधानी से सीधे ट्रैक पर उतारकर आपस में जोड़ा जाएगा।
विज्ञापन
इस प्रक्रिया में करीब एक सप्ताह का वक्त लग सकता है फिर दूसरी रैपिड रेल के डिपो के अंदर ही तकनीकी परीक्षण शुरू होंगे। साहिबाबाद से दुहाई के बीच 17 किमी लंबे प्राथमिकता खंड में निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
कॉरिडोर में पटरियों को बिछाने का काम पूरा होने के साथ ही अब बिजली की लाइन (ओवर हेड इक्विपमेंट) को बिछाने, सिग्नल का काम तेज गति से जारी है। पहले खंड में साहिबाबाद और गुलधर रैपिड स्टेशन का काम एडवांस स्तर पर पहुंच चुका है। मुख्य प्लेटफार्म के ऊपर शेड डालने का काम पूरा होने को है।