कमिश्नर ने गाजियाबाद में दुहाई स्टेशन से संबंधित भूमि अर्जन के लिए दर निर्धारण को प्राथमिकता पर करने, गाजियाबाद में यूपीएसआईडीसी की आवंटित भूमि को हस्तांतरित किए जाने के संबंध में आवंटी मेसर्स हैवल्स प्राइवेट लिमिटेड से शीघ्र चर्चा कर निस्तारण करने के निर्देश एनसीआरटीसी व यूपीएसआईडीसी के अधिकारियों को दिया। प्रोजेक्ट मैनेजर, जल निगम, गाजियाबाद को मोदीनगर में सीवर पाइपलाइन कार्य को पूर्ण कराने और बचे हुए कार्य को 15 सितंबर, 2021 तक एनसीआरटीसी को हस्तांतरित कराने के लिए निर्देश दिए।
छावनी की साढ़े चार एकड़ जमीन से गुजरेगी रैपिड रेल
छावनी की लगभग साढ़े चार एकड़ जमीन पर रैपिड रेल के लिए उपयोग में लाई जाएगी। इसकी कीमत छावनी परिषद ने 75 करोड़ रुपये बताई है। इस प्रस्ताव को एनसीआरटीसी को भेज दिया गया है। रैपिड के एलाइनमेंट में सेना की कई जमीन आ रही हैं। इसमें सभी बिजली लाइनें भूमिगत की जाएंगी। वहीं, एनसीआरटीसी की ओर से कई कार्य किए जाएंगे।
वेंटीलेशन शॉफ्ट के लिए शासन ने मांगी सूचना
केसरगंज में रैपिड रेल के लिए वेंटीलेशन शॉफ्ट का निर्माण किया जाना है। यहां जिला पंचायत की अस्थाई और स्थायी भूमि है। इस मामले में भेजे गए प्रस्ताव में शासन ने एक सूचना मांगी है। बैठक में कमिश्नर ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को दो दिन में शासन को सूचना भेजने के निर्देश दिए। वहीं, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन के मुख्य अभियंता को परियोजना से प्रभावित हाईटेंशन लाइनों के शिफ्टिंग की कार्रवाई जल्द करने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता ने बताया कि बची हुई लाइनों को अक्तूबर- 2021 तक शिफ्ट करा दिया जाएगा।