दिल्ली चुंगी निवासी अधिवक्ता अमित जैन ने बताया कि उनके कार्यालय के साथ ही इंडियन बैंक की शाखा में दरार आ गई है। प्रतिदिन काफी संख्या में लोग बैंक में आते हैं। यहां अक्सर हादसे का डर बना रहता है।
प्रमोद कुमार ने बताया कि बीकानेर बिल्डिंग, कार धुलाई केंद्र, ज्ञानी के प्रतिष्ठान, फेनटास्टिक स्टोर सहित 40 से अधिक प्रतिष्ठानों और भवनों में दरारें आ गईं हैं। इस बारे में उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई है।
लगातार कांप रही नादिर अली बिल्डिंग, बैंक में भी दरार
शहीद स्मारक के पास जली कोठी स्थित नादिर अली की बिल्डिंग लगातार कांप रही है। बिल्डिंग में रहने वाले लोगों का आरोप है कि रैपिड के कारण बिल्डिंग में दिक्कत आ रही है। नीचे मशीन चलती हुई महसूस होती है। बर्तन गिरने लगते हैं और पंखे भी हिलते हैं। कई मकानों में दरार तक आ चुकी है। इतना ही नहीं, पास में ही बैंक की दीवार भी दरक रही है। इसी के साथ रैपिड रेल के अधिकारी इसे सिरे से खारिज कर रहे हैं। उनका कहना है कि वहां कोई काम नहीं हो रहा है। ऐसे में रैपिड का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
रैपिड वाले नहीं देते सही जवाब
नादिर अली बिल्डिंग के नीचे ऐसा लगता है कि कोई बड़ी मशीन चल रही हो। तेज आवाज आती है और कंपन महसूस होता है। रैपिड रेल के साथ ही जिला प्रशासन को भी शिकायत की, लेकिन कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा।
- शाहिद मंजूर, विधायक किठौर
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: राज्यरानी पांच व नौचंदी एक्सप्रेस चार दिन नहीं चलेगी, सुरंग बनाने वाले गैंग का बदमाश पकड़ा
रैपिड की वजह से आ सकती हैं दरारें
नादिर अली बिल्डिंग के पास रैपिड का काम हो चुका है, लेकिन 18 मीटर नीचे सुरंग का काम चल रहा है। ऐसे में संभव है कि मिट्टी की परतें धीरे-धीरे सरक रही हों। विशेष टीम के जरिए इसकी पड़ताल कराए जाने की जरूरत है। - जागेश कुमार, पूर्व नगर नियोजक, मेरठ विकास प्राधिकरण।
अचानक हिलने लगता है घर
किसी भी समय अचानक घर हिलने लगता है। रसोई में बर्तन गिरने लगते हैं और पंखा भी हिलता है। पिछले दो-तीन महीने से लगातार ऐसा हो रहा है। - भूरा, घंटाघर
रैपिड का काम वजह नहीं
रैपिड रेल का काम नादिर अली बिल्डिंग और इसके आसपास नहीं हो रहा है। जब यहां काम चला था तो पूरे एहतियात के साथ भवन खाली कराकर सभी को बाहर ठहराया गया था। कंपन की वजह रैपिड का काम बिल्कुल नहीं है। -पुनीत वत्स, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, एनसीआरटीसी
कुछ लोग मुझसे मिलने आए थे, जिन्होंने रैपिड रेल परियोजना के लिए सुरंग बनाने के दौरान मकानों में कंपन आने की बात कही है। एडीएम सिटी को जांच करने के लिए कहा गया है। वह आज रैपिड के अधिकारियों के साथ जांच करने के लिए जाएंगे। -दीपक मीणा, डीएम