मेरठ के ब्रह्मपुरी की युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती के मंगेतर को भी अश्लील फोटो और वीडियो भेज दिए। इससे उसका रिश्ता तक टूट गया। पीड़िता मामले की शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की। सुनवाई कर रहे सीओ कोतवाली अमित राय ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी युवती की बहन की सहेली का उनके घर आना-जाना था। एक दिन सहेली का भतीजा समीर भी युवती के घर पहुंच गया। उसने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। उसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि छह मार्च को आरोपी ने युवती को धोखे से घर बुलाया। इसके बाद कोल्ड ड्रिक में नशीला पदार्थ पिला दिया और दुष्कर्म किया।
आरोप है कि अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए। वीडियो दिखाकर युवती से 50 हजार रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर आरोपी ने युवती के मंगेतर को अश्लील वीडियो भेज दी।
दरअसल, युवती का रिश्ता लालकुर्ती निवासी युवक से हुआ था। अब यह रिश्ता टूट गया। सोमवार को युवती और उसके परिवार के लोग एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे। वहां पर सीओ अमित राय शिकायत सुन रहे थे। उन्होंने जांच कर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।