दिवाली, गोवर्धन और भैयादूज पर शहर रंगोली से सजाया जाएगा। जहां शहर में मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव होगा, वहीं मुख्य बाजार, गली मोहल्लों में चौराहों पर विशेष रंगोली बनाने की योजना है। दिन निकलने से पहले ही सफाई की जाएगी। यह निर्देश बुधवार को नगरायुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जलकल अधिकारियों को दिए।
दिवाली पर महानगर में विशेष सफाई की योजना तैयार की गई है। नगर निगम की दिल्ली रोड, सूरजकुंड और कंकरखेड़ा डिपों प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह दिन निकलने से पहले सभी कूड़ा घरों से कूड़ा उठवाएं। घंटाघर, बच्चा पार्क, कमिश्नरी चौराहा, हापुड़ अड्डा, इंदिरा चौक, रेलवे रोड चौराह, मेट्रो प्लाजा, भूमियापुल, तेजगढ़ी, जेल चुंगी, सूरजकुंड आदि सहित अधिकतर सभी चौराहों पर रंगोली सजायी जाएंगी। नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान का कहना है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डिपो प्रभारी और जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी गंदगी मिली या फिर पानी का छिड़काव नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। सभी सफाई कर्मचारी रात में सफाई कार्य पूरा करेंगे।