मेरठ में चोरी करते मौके से पकड़े आरोपी को थाने से छोड़ने की अफवाह पर बुधवार को गढ़ रोड पर बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगाकर वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने फोर्स बुलाकर लाठीचार्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नौचंदी थानाक्षेत्र के जयदेवी नगर में करीब दो माह में कई घरों में चोरियां हो चुकी हैं। स्थानीय लोग व भाजपा पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भी थाने पहुंचकर नाराजगी जताई थी। लोगों ने मंगलवार रात एक आरोपी शमसु उर्फ गफ्फूर निवासी लक्खीपुरा को पकड़ लिया था। जबकि उसके साथी भाग गए थे। लोगों ने मारपीट के बाद आरोपी को नौचंदी पुलिस को सौंप दिया था। बुधवार जयदेवीनगर के लोग आरोपी पर कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए थाने में पहुंचे। आरोपी की थाने में खातिरदारी चल रही थी। पुलिस उसको छोड़ने की बात कह रही थी।
जाम लगाकर वाहनों में तोड़फोड़
लोगों ने मोहल्ले में जाकर बताया कि आरोपी को पुलिस ने थाने से छोड़ दिया है। जिस पर लोगों का गुस्सा फूट गया। रात करीब 8:30 बजे मोहल्ले के दर्जनों लोग विरोध जताने थाने पहुंचे तो उनकी पुलिस से बहस हो गई। पुलिस से असंतुष्ट दर्जनों लोगों ने अपने मोहल्ले की गली के सामने गढ़ रोड जाम कर दी। महिलाएं और मोहल्ले के दर्जनों लोगों ने कहा कि उन्होंने रात में पहरा लगाकर आरोपी को पकड़ा था।
भीड़ ने वाहनों को जबर्दस्ती रोकने की कोशिश की। सूचना पर नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर भीड़ को खदेड़ने लगी तो गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। वहां से गुजर रही रोडवेज की एक बस पर भी पथराव किया जिससे बस के शीशे टूट गए। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक किसी तरह वहां से बस लेकर भागा। सूचना पर एएसपी अंकित मित्तल, सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया कई थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे।
बाधित हुआ यातायात
आरोपियों को पकड़ती पुलिस
गढ़ रोड पर बवाल के चलते काफी देर यातायात बाधित रहा। रोड पर जाम के वक्त दोनों ओर पुलिस ने यातायात रोक दिया था। लोग अपने वाहनों को एल ब्लॉक की ओर से निकालते हुए ले गए । भगदड़ में कुछ दुपहिया वाहन वाले भी गिर गए।
पुलिस की लापरवाही ने कराया बवाल
नौचंदी पुलिस की लापरवाही से बवाल हुआ हैं। लोगों को पुलिस संतुष्ट नहीं कर पाई, जिसके बाद माहौल गर्माया। लोगों ने पुलिस पर सवाल दागे कि खुद तो कुछ करती नहीं, पब्लिक बदमाशों को पकड़कर देती है तो उसको साठगांठ करके छोड़ देती है।
बवाल के बाद थाने में हंगामा
जमकर हुआ हंगामा
बवाल के बाद पुलिस दो लोगों को पकड़कर थाने ले जाने लगी तो उनके परिवार की महिलाएं पुलिस के पीछे चलती रही। एक बुजुर्ग महिला रोती हुई पुलिस अफसरों से छोड़ने की गुहार लगाती रही लेकिन पुलिस उसे जीप में बिठाकर ले गई। देर रात तक थाने में लोगों का डेरा लगा रहा।
ईंटों से अटी गली
पथराव के बाद जयेदवी नगर की गली और गढ़ रोड पर पडे़ पत्थर और जमीन में पड़ी चप्पलें बता रही थी कि बवाल कितना बड़ा था। दरअसल भगदड़ और पथराव में कई लोगों की चप्पलें भी छूट गई और वह पैदल ही बचकर भागे।
आरोपी पर कई मामले दर्ज
मौके पर पहुंचे आलाधिकारी
एसओ नौचंदी अर्जुन सिंह ने देर रात बताया कि पकड़ा गया चोर पर दिल्ली और मेरठ में कई मुकदमें दर्ज हैं। वह कई दिन मेरठ में भी रहा। उसके गैंग में कुछ अन्य भी लोग हैं। उससे पूछताछ कर उनका भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है। उससे कुछ माल बरामदगी भी हुई है। बवाल करने वाले 150 लोगों पर रात 3 बजे केस दर्ज कर लिया गया।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि चोर को छोड़ने की अफवाह पर यह बखेड़ा हुआ। बवालियों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई है। उन्हें चिह्नित कर केस दर्ज कराया जाएगा। पकड़े गए चोर से पुलिस माल बरामद करने का प्रयास कर रही है। उसे जेल भेजा जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/