संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों रामलीला की धूम मची हुई है। विभिन्न रामलीला कमेटियों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का सजीव और पर्दे के माध्यम से भव्य चित्रण किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मंगलवार की रात कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट अभिनय कला से कई मार्मिक प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। मंचन के दौरान श्रवण कुमार की पितृभक्ति, राजा दशरथ का मरण, श्रीराम का वनवास गमन, नदी पार करते समय केवट संवाद और चित्रकूट में भरत मिलाप का अत्यंत भावुक और जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया गया।
दूसरी ओर श्री रामलीला एवं शिव मंदिर कमेटी गुड़ मंडी द्वारा भी परंपरा के अनुसार पर्दे पर लीला का प्रदर्शन किया जा रहा है। मंगलवार की रात पर्दे पर श्रीराम के वनवास गमन की लीला का प्रसारण किया गया, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी।
तहसील के निकट मैदान में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में पर्दे पर दिखाई जा रही रामलीला में मंगलवार को श्रीराम विवाह का भव्य प्रसंग दिखाया गया। जनकपुरी में प्रभु श्रीराम द्वारा शिव धनुष तोड़ने और माता सीता के साथ विवाह संपन्न होने के मनमोहक दृश्यों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। तीनों ही स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे।