फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अद्भुत कांवड़ में दिखाई देगा 'राम मंदिर' का भव्य मॉडल, बजरंग दल ने किया ये एलान

Thu, 02 Aug 2018 06:39 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
इस कांवड़ में दिखाई देगा 'राम मंदिर' का भव्य मॉडल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

चुनावी साल आते-आते एक बार फिर से राम मंदिर का मुद्दा गरमाने लगा है। बजरंग दल ने एलान कर दिया है कि प्रस्तावित राम मंदिर जैसी कांवड़ तैयार की गई है। यह कांवड़ हरिद्वार से मेरठ तक लाई जाएगी। इसके लिए 400 से ज्यादा विहिप कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की गई है।

विज्ञापन


बजरंग दल के प्रांत संयोजक बलराज डूंगर ने एलान किया कि यह मामला पूरी तरह से धार्मिक है, लेकिन इसके सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। राम मंदिर मुद्दा फिर से गरमाने लगा है। अब कांवड़ यात्रा आई तो इससे शानदार मौका और क्या हो सकता है। नतीजा, दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक इस कांवड़ को निकालने की पूरी तैयारी कर ली गई। संदेश पूरी तरह से यह है कि कांवड़ यात्रा में लोगों को यह दिखाया जाए कि राम मंदिर की आकृति तैयार कर ली गई है और जल्द ही इस तरह का राम मंदिर बनाने की पूरी तैयारी है। भाजपा और उसके सहयोगी दल या अनुषांगिक संगठन अभी तक मंदिर न बनने का ठीकरा कांग्रेस, सपा और बसपा पर फोड़ते रहे हैं। बलराज डूंगर ने भी कहा कि इन तीनों दलों की वजह से राम मंदिर नहीं बन पाया। लेकिन अब बनेगा। इसके लिए कमर कस ली गई है।

तीन राज्यों को जोड़ेंगे
इस कांवड़ का निर्माण दिल्ली में होगा। यह राजनीतिक मंतव्य ही है कि पहले इसे सीधा हरिद्वार भेजा जा रहा था, लेकिन अब दिल्ली से पहले मेरठ में औघड़नाथ मंदिर लाया जाएगा। सड़क के रास्ते से इसका दिल्ली से मेरठ तक प्रचार होगा। औघड़नाथ मंदिर से फिर इसी तरह से हरिद्वार तक ले जाया जाएगा। वहां से जल लेकर फिर इसी तरह से कांवडिये मेरठ के लिए रवाना होंगे। दिल्ली, यूपी तथा उत्तराखंड तीन राज्यों को इससे जोड़ने की मंशा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो दर्जन स्थानों पर जोरदार तैयारी

इस कांवड़ में दिखाई देगा 'राम मंदिर' का भव्य मॉडल - फोटो : अमर उजाला
हरिद्वार, रुड़की, पुरकाजी, छपार, मुजफ्फरनगर, खतौली, सकौती, दौराला, मोदीपुरम, पल्लवपुरम समेत दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर इस कांवड़ का भव्य स्वागत होगा। दरअसल इन स्थानों पर पहले ही भाजपा के सहयोग से दल पूरी तैयारी कर रहा है। कहा जा रहा है कि न केवल विभिन्न स्थानों पर इस यात्रा का स्वागत होगा। बल्कि प्लानिंग यह है कि इन स्थानों पर भव्य कार्यक्रम हों। आसपास के लोगों को इस कार्यक्रम में लाया जाए।

सभी जिलों की टीमें लगेंगी
हरिद्वार से लेकर मेरठ तक इस कांवड़ के लिए विहिप एवं बजरंग दल की पूरी टीम लगाई जा रही है। सपोर्ट भाजपा का है। जो कार्यकर्ता कांवड़ लेने नहीं जाएंगे, वह स्वागत की तैयारी में जुटेंगे। जिन-जिन स्थानों पर कांवड़ पहुंचेगी, आसपास की बस्तियों या गांवों में बाकायदा इसका प्रचार होगा कि भव्य राम मंदिर स्वरूप में यहीं दर्शन करें। इसके लिए विधानसभा वार टीमें भी बनाई जाएंगी। गांव स्तर पर टोली इसके लिए काम करेंगी।

ऐसा होगा स्वरूप
यह कांवड़ 20 फीट लंबी, 18 फीट ऊंची और आठ फीट चौड़ी होगी। इसे दो लाख रुपये में दिल्ली में तैयार कराया गया है। कार्यकर्ता बड़े-बड़े भगवा ध्वज लेकर यात्रा के साथ चलेंगे।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें