अमर उजाला द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर
- फोटो : अमर उजाला
उनका खून किसी जरूरतमंद के काम आ जाए। किसी का चिराग खून की कमी की वजह से बुझ न जाए। मंगलवार को विश्व रक्तदाता दिवस पर कुछ ऐसी ही सोच के साथ महादानी रक्तदान के लिये पहुंचे। इस मौके पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से शहर में तीन स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए गए।
रक्तदान के लिये लोगों का उत्साह देखते ही बना। निर्धारित समय के बाद भी लोग शिविरों में रक्तदान के लिये आते रहे। इन शिविरों में महिला रक्तदाताओं की विशेष भागीदारी रही। तीनों शिविरों में कुल 154 यूनिट रक्तदान हुआ।
अमर उजाला फाउंडेशन ने लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के साथ मिलकर मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक , पल्लवपुरम स्थित कोटपाल नर्सिंग होम और जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में शिविर का उद्घाटन प्राचार्च डॉ. केके गुप्ता ने किया। यहां 59 लोगों ने रक्तदान किया। पं. प्यारेलाल जिला चिकित्सालय में 50 लोगों ने रक्तदान किया। कोटपाल नर्सिंग होम में 45 लोगों ने रक्तदान किया।
शिविर का समय सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक था। सभी स्थानों पर भीड़ को देखते हुए सुबह 8:30 बजे से ही रक्तदान शुरू करा दिया गया। मेडिकल कॉलेज में निर्धारित समय के बाद भी लोग रक्तदान के लिये पहुंचते रहे। शिविर में छात्रों से लेकर व्यापारियों तक ने ब्लड डोनेट किया।
महिलाओं की भागीदारी भी सराहनीय रही। मेडिकल कॉलेज में एक्सरे लैब टेक्नीशियन से लेकर पैथोलॉजी स्टाफ तक ने रक्तदान किया। उधर, शिविर में हिस्सा लेने वाले रक्तदाताओं ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की। लोगों का कहना था कि ऐसी कोशिशों से आम लोगों को जनता की सेवा करने का एक मंच मिलता है। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता ने अमर उजाला को रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और शिविर लगाने के लिये प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।