फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: रक्षाबंधन, बहनों ने रखा उपवास, भाइयों की कलाई पर सजा स्नेह का सूत्र

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

मवाना/परीक्षितगढ़/दौराला/माछरा/बहसूमा/हस्तिनापुर/रोहटा/सरधना। श्रावण मास की पूर्णिमा के शुभ अवसर पर शुक्रवार को रक्षा बंधन का पावन पर्व अपार श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। भाई-बहन के पवित्र प्रेम का यह त्योहार परंपरा और आधुनिकता के खूबसूरत रंगों के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही घरों में त्योहार की चहल-पहल देखने को मिली।
परंपरा का पालन करते हुए बहनों ने प्रातः काल से ही निर्जला उपवास रखा। शुभ मुहूर्त शुरू होते ही बहनों ने सबसे पहले भगवान की पूजा-अर्चना की और अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर स्नेह की डोर (राखी) बांधी। भाइयों ने भी रक्षा का वचन देते हुए अपनी बहनों को मनपसंद उपहार दिए और उनका मुंह मीठा कराया। राखी बांधने और पूजा संपन्न होने के बाद ही बहनों ने अपना व्रत खोला। दिनभर रिश्तेदारों और परिजनों की आवाजाही बनी रही। दूरदराज रहने वाले भाइयों तक पहुंचने के लिए बहनों ने समय रहते तैयारियां की थीं, मिष्ठान्न की दुकानों पर भी दिनभर भारी भीड़ देखी गई, जहां लोगों ने घेवर, काजू कतली और अन्य मिठाइयों की जमकर खरीदारी की।
विज्ञापन

परीक्षितगढ़ में रक्षा बंधन के त्योहार पर बसों में भारी भीड़ व भाइयों के लिए बहनें मिठाई खरीदती हुई नजर आई। दौराला में शुक्रवार को सुबह से ही मिठाई की दुकानों, राखी और उपहार की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। बहनों ने रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों की खरीदारी की।
माछरा में गांव हसनपुर कला निवासी एवं भाकियू इंडिया युवा के उपाध्यक्ष देव कुमार को उनकी बहन ने रक्षा की डोर बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पदाधिकारियों ने भी देव कुमार को रक्षाबंधन की बधाई दी।
बहसूमा में पर्व के चलते बसों और अन्य वाहनों में यात्रियों की भीड़ रही। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन भी सतर्क रहा।
हस्तिनापुर क्षेत्र में घरों के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में भी रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पंचायत कार्यालय में चेयरपर्सन सुधा खटीक ने वार्ड सभासदों, व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
विज्ञापन

सरधना में रक्षाबंधन के अवसर पर नगर के प्रमुख शिव और देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भाई-बहन एक साथ मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। पर्व के चलते प्रमुख मार्गों और बाजारों में भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। मुख्य चौराहों और मार्गों पर पुलिस ने व्यवस्था संभाली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें