बाल भारती में रक्षा सूत्र बांधती छात्राएं। (स्त्रोत स्कूल) मवाना।
मवाना। बाल भारती पब्लिक स्कूल में रक्षाबंधन का पर्व परंपरा, प्रेम और सांस्कृतिक समरसता के साथ मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने गुरुकुल में भाई-बहन के अनुपम प्रेम को जीवंत करते हुए इस त्योहार को मनाया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रतिनिधि छात्राएं हस्तिनापुर स्थित दिगंबर जैन उत्तर प्रांतीय गुरुकुल पहुंचीं। उन्होंने शिक्षा प्राप्त कर रहे गुरुकुल के छात्रों की कलाइयों पर श्रद्धा एवं स्नेह से रक्षा-सूत्र बांधा। छात्राओं ने उनकी दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और विद्या में प्रगति की कामना की। बदले में गुरुकुल के छात्रों ने उन्हें उपहार भेंट कर जीवनभर रक्षा का वचन दिया। प्रतिनिधि दल में गार्गी, गौरी, श्रेया, एकांशी, परीक्षा, कशिश, आराध्या, पावनी, तनिष्का, पूर्वी, खुशी आदि छात्राएं शामिल रहीं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।