राजनाथ सिंह व सीएम योगी भाजपा कार्यसमिती की बैठक में
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सीएम योगी अदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 2019 की रणनीति के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को लेकर चर्चा होनी चाहिए, साथ ही उन्होंने डिफेंस कॉरिडॉर का ज़िक्र करते हुए कहा कि डिफेंस कॉरिडॉर से लाभ होगा, सीएम योगी ने कहा कि पूर्व सरकारों में केवल घोषणाएं होती थीं,आज उत्तर प्रदेश में 61 हज़ार करोड़ का धरातल पर निवेश हुआ,50 हज़ार करोड़ का निवेश पाइपलाइन में है। निवेश से यूपी में विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने राजनीतिक असमानता के खिलाफ उठाई आवाज़, सबको समान रूप से बिजली दी है, सड़को को दुरुस्त किया है। इस बैठक के दौरान योगी ने कहा विकास सबका करेंगे, लेकिन तुष्टिकरण किसी का नही करेंगे। उन्होंने कांवड़ यात्रा के बारे में बात करते हुए कहा कि त्यौहार प्रतिबंध से नही मनाए जाते, बल्कि खुशी से मनाए जाते हैं। इस बार 4 करोड़ कांवड़ियां यूपी से निकला, उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक कुम्भ के साथ साथ प्रयागराज के कुम्भ को भी सफलतापूर्वक पूरा करेंगे। दलित मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा दलित मुद्दे को उठाती रही है और भाजपा को दलित विरोधी कहने वाली विपक्षी पार्टियों को सवालो के घेरे में खड़ा किया, अलीगढ़ यूनिवर्सिटी के आरक्षण के मुद्दे पर भी पूर्व की सरकारों को घेरा।
सीएम ने किसानों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि 2004 से 2014 तक देश के अंदर सबसे ज़्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। प्रदेश में किसान बेहाल था,लेकिन इस सरकार ने 53 लाख मीट्रिक टन गेहूं सीधा किसान से खरीदा, गन्ना किसानों को बकाए 54 करोड़ का भुगतान किया। चीनी मिलों को बेचा नही, बल्कि बन्द मिलो को शुरू कराया।
भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में शामिल गणमान्य
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को अमित शाह प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में मौजूद रहकर चुनावी मंत्र देंगे। इसके बाद वह उप्र के सभी भाजपाई सांसदों और विधायकों की होटल ब्रावुरा में बैठक लेकर चुनावी पटकथा तैयार करेंगे। दरअसल बैठक में सबसे बड़ी चर्चा इस पर की जाएगी कि महागठबंधन से कैसे पार पाया जाएगा। इसी का मंत्र लेकर पार्टी के सारे दिग्गज मंथन करेंगे।
बैठक में मिशन 2019 जैसी बड़ी चुनौती से पार पाने का खाका खींचा जाएगा। बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उमा भारती, मुख्तार अब्बास नकवी, संतोष गंगवार, मेनका गांधी, जनरल वीके सिंह, महेश शर्मा, साध्वी निरंजन ज्योति, मनोज सिन्हा, कृष्णा राज, शिव प्रताप शुक्ल, डा. सतपाल सिंह और हरदीप सिंह पुरी बैठक में दोनों दिन मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्रियों की होटल में मौजूदगी को लेकर पुलिस प्रशासन ने होटल की सुरक्षा बढ़ाते हुए खुफिया विभाग को अलर्ट कर दिया है।
इसलिए चुना गया है 'मांगल्य ऑडिटोरियम'
गौरतलब है कि इस बैठक के लिए सुभारती विश्वविद्यालय का मांगल्य ऑडिटोरियम को चुना गया है। इस ऑडिटोरियम में तकरीबन2350 लोगों के बैठने की क्षमता है। यह ऑडिटोरियम बेहद आधुनिक और भव्य है। किसी भी कौने से बैठकर स्टेज साफ देखा जा सकता है। ऑडिटोरियम में 84 गुणा 42 फिट का स्क्रीन है। स्टेज काफी बड़ी है जो हल्की राउंड शेप में हैं। ऑडिटोरियम दो फ्लोर पर बंटा है। इसका साउंड सिस्टम बेहद आधुनिक है। यहां लगी लाइटें कंट्रोल रूम से नियंत्रित होती है। वीवीआईपी लोगों के लिए शानदार लॉज भी है।