हाई कोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों ने कलेक्ट्रेट से लेकर बेगम पुल और सुभारती तक जमकर हंगामा किया। सुभारती में आयोजन स्थल के बाहर गेट पर वकील अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। जिसके चलते पुलिस और वकीलों की जमकर झड़प हुई। महिला अधिवक्ता और वकीलों ने कई बार जबरन घुसने का प्रयास किया। यहां वकीलों ने एलान किया कि वे मेरठ में भाजपा की कार्यसमिति की बैठक नहीं होने देंगे।
यहां तक कि वकीलों को समझाने के लिए कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी, एसपी देहात, एसपी ट्रैफिक समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंचे। घंटों चले हंगामें के बाद वकीलों को पुलिस ने बस और एंबुलेंस में बैठाकर पुलिस फोर्स के साथ कलेक्ट्रेट रवाना कर दिया। इस दौरान कई वकीलों को पुलिस ने जबरन उठाकर एंबुलेंस में डाल दिया।
दो अधिवक्ताओं को पड़ा दिल का दौरा
सुभारती के सामने धरना दे रहे अधिवक्ताओं में मुरादाबाद के पूर्व अध्यक्ष और एक मेरठ के वरिष्ठ अधिवक्ता जगतसिंह को हार्ट अचानक हार्ट अटैक आ गया। दोनों को पुलिस ने अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है। गौरतलब है कि सुभारती विश्वविद्द्यालय के मांगल्य ऑडिटोरियम में भाजपा की कार्यसमिति की बैठक हो रही है जहां कई गणमान्य पहुंचेंगे। ऐसे में सुभारती विवि परिसर कड़ी सुरक्षा से घिरा हुआ है।