युवती से प्रेम प्रसंग के चलते मारी गई थी राजा को गोली
पुलिस ने दोनों हमलावरों को किया गिरफ्तार, जेल भेजा, हमलावर से तमंचा व बाइक बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। चार दिन पूर्व तहसील रोड पर मोहल्ला सराय भटियारी निवासी राजा को गोली मारने वाले बाइक सवार हमलावरों को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि एक युवती से प्रेम प्रसंग को लेकर राजा की एक युवक से कहासुनी हो गई थी। जिसे लेकर राजा पर हमला किया गया। पुलिस ने आरोपी से एक तमंचा व बाइक बरामद की। पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया।
सीओ आरपी शाही ने ने बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 9 बजे तहसील रोड पर डॉ. आरिफ के क्लीनिक के निकट भटियारी सराय निवासी राजा (18) पुत्र यासीन को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। जिससे राजा गंभीर रूप से घायल हो गया था। राजा की मां नजराना ने अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि राजा व नवाबगढ़ी निवासी उमेर का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती को लेकर दोनों के बीच काफी समय से तनातनी चली आ रही थी। उमेर पुत्र सहाबुद्दीन व सलमान पुत्र शान अली निवासी नंगला रोड ने राजा कुरैशी को गोली मारी थी।
शनिवार शाम उमेर और सलमान को नवाबगढ़ी से गिरफ्तार कर लिया गया। उमेर के कब्जे से एक तमंचा व बाइक बरामद की है। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया। राजा मेरठ मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है।