माछरा। किठौर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक शाहिद मंजूर ने एक बार फिर किसानों की जमीन अधिग्रहण का मुद्दा विधानसभा में उठाया है। उन्होंने छतरी, खडखडी, गोविंदपुरी आदि क्षेत्र के किसानों की भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से विधानसभा में रखा।
किठौर विधायक शाहिद मंजूर ने विधानसभा में कहा कि इस वक्त मेरठ-गढ़ रोड इस कदर टूटी हुई है कि उस पर निकलना दूभर है। सड़क में गड्ढे बने हुए हैं और सर्दी के मौसम में कोहरा पड़ने की वजह से रात में निकलना बड़ा मुश्किल हो गया है। इसकी वजह से आपातकालीन स्थिति में भी मेरठ-गढ़ रोड से गुजरना परेशानी का सबब बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो कंपनी सड़क का निर्माण कर रही थी उसने चार वर्षों में थोड़ा ही काम किया है। अब पता चला है कि काम पूरा न होने पर उसका टेंडर निरस्त कर दिया गया है। मामला न्यायालय में जाने के कारण सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है। कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाने का मात्र आश्वासन मिल रहा है।