संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। शुक्रवार को सरधना में हुई बारिश ने दिनभर लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बारिश के पानी और निर्माणाधीन सड़कों के कारण जगह-जगह कीचड़ भरा हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया।
सड़क निर्माण के चलते यहां कीचड़ और फिसलन इतनी बढ़ गई कि कई लोग चलते-चलते गिर पड़े। दोपहिया वाहन चालकों को भी जाम और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोग शिकायत कर रहे हैं कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और अस्थायी व्यवस्था नहीं की गई, जिससे बारिश होते ही सड़क बाधित हो गई। बारिश के चलते नगर के बाजारों में रास्ते खराब हो गए। हालांकि, देर शाम मौसम साफ होने पर लोग ईद की खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचे, लेकिन अधिकांश दुकानदार प्रभावित रहे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने और अस्थायी व्यवस्था करने की मांग की है ताकि आने वाले दिनों में उन्हें राहत मिल सके।