- कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास करने में हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में मैदान के साथ सिंथेटिक ट्रैक पर भी पानी भर गया है। एथलीट और अन्य खेलों का अभ्यास करने वाले खिलाड़ी ट्रैक पर अभ्यास नहीं कर सके। उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था कर अभ्यास करना पड़ा। क्षेत्रीय खेल कार्यालय के कर्मचारियों की ओर से ट्रैक से पानी निकालने का प्रयास किया गया लेकिन वे पूरी तरह सफल नहीं हो सके।
स्टेडियम में एथलेटिक्स में करीब 350, हॉकी में 70, क्रिकेट में 60, बॉक्सिंग में 50, कुश्ती में 40, जूडो, वुशू, वालीबाल, बास्केटबाल आदि खेलों को मिलाकर करीब 500 से 600 खिलाड़ी प्रतिदिन अभ्यास करते हैं। पहले दिन पंप लगाकर कुछ हद तक पानी निकाला गया लेकिन लगातार बरसात के कारण हालात खराब रहे और पानी फिर भर गया। इस कारण खिलाड़ी इनडोर ही अभ्यास करते नजर आए। शुक्रवार सुबह मौसम कुछ साफ हो गया। इसके बावजूद मैदान से पानी नहीं निकल सका। सिंथेटिक ट्रैक पर भी पानी भरा रहा। इस कारण सिंथेटिक ट्रैक के गेट पर ताला लगा दिया गया। वहीं, पंप के कर्मचारी पानी निकालने का प्रयास करते रहे।
8.5 करोड़ रुपये में हुआ था तैयार
यह सिंथेटिक ट्रैक लगभग 8.5 करोड़ रुपये में तैयार किया गया। वर्ष 2024 में ट्रैक का कार्य शुरू हुआ और 2026 में यह खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए खोला गया। पिछले वर्ष 2025 जुलाई में ही यह ट्रैक खिलाड़ियों को मिलना था लेकिन बरसात के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका और 2026 में यह ट्रैक खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए तैयार हो सका।