- शुभम स्मैशर्स व मेरठ सिविल लाइंस हीरोज और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर व मेरठ कैंट कमांडोज के बीच होने थे मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में शुक्रवार को होने वाले मैच बारिश के कारण प्रभावित हुए और दोनों मैच में से कोई भी नहीं खेला जा सका। शुक्रवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से शुभम स्मैशर्स और मेरठ सिविल लाइंस हीरोज के बीच और दूसरा मैच शाम छह बजे से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और मेरठ कैंट कमांडोज के बीच होना था।
बीसीसीआई के स्कोरर और एंटी करप्शन लाइजनिंग ऑफिसर अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के कारण मैदान काफी गीला हो गया था। इन परिस्थितियों में मैच कराना संभव नहीं था। ऐसे में शुक्रवार को होने वाले दोनों ही मैच कॉल ऑफ कर दिए गए। लीग के नियमानुसार दोनों मैच की चारों टीमों शुभम स्मैशर्स, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज, व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और मेरठ कैंट कमांडोज के बीच एक-एक अंक बांटा गया है।
आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड़ ने बताया कि मैदान से पानी निकालने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मौसम ने आगे साथ दिया तो शनिवार दोपहर को होने वाले मैच से पहले पिच और मैदान को तैयार कर लिया जाएगा। शनिवार को पहला मैच दोपहर दो बजे से साकेत रॉयल चैंप्स और मेरठ सिविल लाइन हीरोज के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से शुभम स्मैशर्स और बीबीसी एलाइट के बीच खेला जाएगा।