मेरठ। नशे में मिले रेलवे रोड थानेदार धीरज सिंह और केसरगंज चौकी प्रभारी एसआई प्रमोद कुमार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों की विभागीय जांच भी बैठा दी है। एसपी देहात अविजीत कुमार को जांच सौंपी है। सोमवार रात को पहले एसएसपी ने दोनों को लाइन हाजिर किया था। दरोगा प्रमोद कुमार तो जांच कराने के लिए जिला अस्पताल ही नहीं गया, वह रास्ते से ही भाग गया। दोनों के शराब पीने की पुष्टि होने पर एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया।
सोमवार रात रेलवे रोड थाना अंतर्गत केसरगंज चौकी क्षेत्र के मोहल्ला मकबरा डिग्गी में रुपयों के लेनदेन को लेकर नौशाद और शमीम पक्ष के लोगों में झगड़ा हो गया था। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दाैरान रास्ते से जा रहा कामिल भी सिर में ईंट लगने से घायल हो गया था। सूचना पर पुलिस ने माैके पर पहुंच कर लाठी फटकार कर लोगों को खदेड़ा और पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया था। कामिल को भी पकड़ लिया था। कामिल के परिजनों ने थाने पर पहुंच कर हंगामा किया था। लोगों का आरोप था कि इंस्पेक्टर और एसआई नशे में है। इस आरोप पर एसएसपी ने एसपी सिटी को मौके पर भेजा।
एसपी सिटी विक्रम सिंह ने माैके पर पहुंचकर थानेदार इंस्पेक्टर धीरज सिंह और केसरगंज चौकी प्रभारी एसआई प्रमोद कुमार को डॉक्टरी के लिए जिला अस्पताल भेजा। जांच में थानेदार धीरज सिंह नशे में मिले जबकि दरोगा प्रमोद कुमार बीच से भाग गया। एसएसपी ने बताया कि दोनों को निलंबित कर दिया है। एसपी देहात को तीन दिनों में जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
दोनों ओर से प्राथमिकी, सात लोगों का चालान
मोहल्ला मकबरा डिग्गी में नौशाद और शमीम पक्ष के बीच हुए पथराव की घटना में रेलवे रोड थाना पुलिस ने दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद मंगलवार को दोनों ओर से सात लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।