मेरठ। बेगमपुल पर शुक्रवार रात हुड़दंग मचाते हुए स्टंटबाजी करने वाले एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। इसमें करीब 15 से 20 लोग भागे हुए हैं। इस मामले में अभी दो लोगों की ही गिरफ्तारी हुई है।
बेगमपुल पर आबूलेन पुलिस चौकी के सामने दिल्ली से एक कार्यक्रम से लौटते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हुड़दंग मचाया था। काफी देर तक बेगमपुल पर हंगामा कर अराजकता की थी। यातायात नियमों की भी धज्जियां उड़ाई गईं। सदर बाजार पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार देर रात को अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थीं। एसओ सदर बाजार विजय राय को भी लाइन हाजिर कर दिया गया था। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उनकी तलाश की जा रही है।