यूपी के बिजनौर में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने गांव मुजाहिदपुर के पास चाहरदीवारी से घिरे एक प्लाट में छापा मारकर डीसीएम में लदी करीब 30 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि दो फरार हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को एक सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान, श्यामवीर सिंह और आबकारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस, आबकारी टीम ने गांव मुजाहिदपुर के पास एक खाली पड़े प्लाट में छापा मारकर दो लोगों को दबोच लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर खड़ी डीसीएम गाड़ी की तलाशी ली। उसमें अरुणाचल प्रदेश की अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों की 550 पेटी बरामद हुईं। शराब को डीसीएम में पशुओं के चोकर के पीछे छुपाया गया था।
पढ़ें : छापेमारी में चरस, अफीम और गांजा देख उड़े अधिकारियों के होश, तस्वीरें
पूछताछ में पकड़े गए शराब तस्करों ने अपने नाम रमेश पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी गांव कासमंडी थाना गौहाना जनपद सोनीपत हरियाणा एवं दिलबाग पुत्र कुलदीप निवासी ग्राम चूड़ीवाला चिश्ती थाना फजिल्का पंजाब बताया। पकड़े गए शराब माफिया ने बताया कि वह हरियाणा से सस्ते दामों में शराब लाकर उसमें मिलावट कर रि-पेकिंग कर यहां बेच देते थे। पुलिस को मौके से शराब को रि पेकिंग करने के उपकरण भी मिले हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि बरामद हुई शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है। शराब माफिया के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों शराब तस्करों को चालान कर दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/