संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भारत सरकार, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय व भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से महिला दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता आठ मार्च को चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन को दो दिन शेष हैं। इच्छुक खिलाड़ी क्षेत्रीय खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।
यह प्रतियोगिता खेलो इंडिया फ्रेमवर्क के तहत महिला सशक्तिकरण एवं खेल भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कराई जा रही है। अभी तक देशभर में इसमें 2.4 लाख से अधिक महिलाओं ने 34 खेल अनुशासनों में भाग लिया है। मेरठ में चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में यह प्रतियोगिता सुबह आठ बजे से होगी। प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़ और 400 मीटर दौड़ स्पर्धाओं में महिला खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगी।
अंडर-13, 13 से 18 वर्ष और 18 वर्ष से अधिक के वर्ग में महिला खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी। तीनों वर्ग में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। अगर किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त करनी है तो खिलाड़ी कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के एथलेटिक कोच गौरव त्यागी से संपर्क कर सकते हैं। गौरव ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण जारी हैं। सात मार्च की शाम तक खिलाड़ी पंजीकरण करा सकते हैं। सुबह दौड़ के समय मौके पर एक घंटा पहले खिलाड़ी को पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के लिए खिलाड़ी अपना आधार कार्ड साथ लाना होगा।