मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का मार झेल रहे लोगों को अभी राहत के आसार नहीं दिख रहे है। आने वाले चार दिन तक भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा। इस बीच मौसम की मार से पशु पक्षी भी हलकान हो रहे हैं और जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बाजारों में रौनक कम दिखाई दे रही है।
दिन रात में गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। सुबह से ही आसमान से बरस रही आग के बीच मौसम बदल रहा है। शाम को सूरज ढलने के बाद भी राहत नहीं मिल रही है। यहां तक की कूलर और पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 59 और न्यूनतम 27 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में .4 डिग्री की गिरावट आई है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन में हवाओं की गति तेज होने के कारण तापमान में दो दिन से गिरावट आ रही है। अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा और गर्मी का असर दो दिन में और बढे़गा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आने वाले चार दिन तक भीषण गर्मी का दौर बना रहेगा। आने वाले 48 घंटे में तापमान फिर से 43 के पार पहुंचेगा। वहीं भीषण गर्मी में हाइवे भी सूना नजर आ रहा है। बाजारों भी दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता है।
पिछले सात दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
18 37.7 22.7
19 40.6 23.3
20 39.8 25.7
21 41.2 25.7
22 43.2 24.7
23 41.2 22.8
24 40.8 24.7