- बहू को बेटी बताकर लाभ लेने का आरोप, जांच में सही मिले आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। मवाना में मंगलवार को हुए सामूहिक विवाह समारोह में अकबरपुर सादात गांव निवासी मोहम्मद अली पर अपनी बहू मुमताज को बेटी बताकर सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद समाज कल्याण विभाग की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात सामने आई है।
ग्राम प्रधान दीपक कुमार ने बताया कि मोहम्मद अली की एक ही बेटी नाजरीन है, जिसका करीब पांच साल पहले निकाह हो चुका है। प्रधान के अनुसार, समारोह में शामिल मुमताज मोहम्मद अली के बेटे की पत्नी है। इसी को लेकर उन्होंने मुमताज को बेटी के रूप में योजना का लाभ दिलाए जाने पर सवाल उठाए हैं।
एडीओ समाज कल्याण अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि इस संबंध में गांव से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद विभाग की ओर से मामले की जांच की गई। अधिकारी के अनुसार जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। हालांकि जांच में किन दस्तावेज के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला गया और मुमताज को योजना का लाभ किस आधार पर दिया गया। इस पर वह चुप्पी साध गए। अधिकारी से पूछा गया कि ग्राम प्रधान के अनुसार मोहम्मद अली की केवल एक बेटी नाजरीन है और मुमताज उनके बेटे की पत्नी है तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।