मेरठ। कोरोना का संक्रमण पुलिसकर्मियों में भी तेजी से फैल रहा है। इसके चलते पुलिसकर्मियों की संख्या लगातार घट रही है। इसके परिणामस्वरूप पुलिसकर्मियों की छुट्टी बंद कर दी गई है। उन्हें महज आपात स्थिति में छुट्टी दी जाएगी परंतु ड्यूटी करने के बाद पुलिसकर्मी को 14 दिन क्वारंटीन सेंटर में रहना होगा।
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक कोरोना से पुलिसकर्मी एवं उनके परिजनों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कई पुलिसकर्मी जिन्हें कोरोना की पुष्टि हुई है, वे घर से लौटे थे। इसको देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टी बंद कर दी गई है। यदि कोई आपात स्थिति में छुट्टी गया तो वापस लौटने पर 14 दिन के लिए क्वारंटीन सेंटर में भेजा जाएगा। एसएसपी ने 55 साल या उससे अधिक उम्र वाले पुलिसकर्मियों की कोरोना संक्रमण वाले इलाके में ड्यूटी नहीं लगाने की हिदायत दी। पुलिसकर्मियों में कोरोना संक्रमण और शहर की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। उनके द्वारा पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को दो अथवा तीन दिन की छुट्टी लेने पर 14 दिन प्रशासन द्वारा निर्धारित सेंटर में क्वारंटीन रहना होगा। यह आदेश एसएसपी ने एसपी सिटी, एसपी देहात, एसपी क्राइम, एसपी ट्रैफिक, सीओ और सभी थानेदारों को जारी कर दिया है।