पुलिस के हटते ही वाहन चालकों ने पीट दिए कर्मचारी
- मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे पर बंद नहीं हुई आवाजाही
- काम प्रभावित न हो इसके लिए लेंगे स्थानीय पुलिस से मदद
-फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
परतापुर। मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे पर सड़क निर्माण व साज सज्जा के लिए जीआर इंफ्रा ने रविवार को डासना से लेकर परतापुर तिराहे तक वाहनों की एक्सप्रेस वे पर आवाजाही बंद कर दी है। जिसके लिए डासना, पैरिफेरल एक्सप्रेस वे व परतापुर तिराहे पर रोड पर बैरियर लगा कर ट्रैफिक पुलिस तैनात कर दी थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस के हटते ही वाहन चालकों ने वहां मौजूद कर्मचारियों को पीट दिया और बैरियर हटाकर आवाजाही शुरू कर दी।
मेरठ दिल्ली एक्सप्रेस वे का मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकापर्ण करेंगे। इसके तहत शनिवार को एनएचएआई और जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अधिकारियों ने एक्सप्रेस वे का निरीक्षण किया था, साथ ही एक्सप्रेस पर फर्राटा भरने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए थे।
रविवार को जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज बैरवा ने ट्रैफिक पुलिस को लगाकर एक्सप्रेस वे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। दो घंटे तक एक्सप्रेस वे पर आवाजाही बंद होने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिस दौरान वाहन चालकों की पुलिस और कंपनी के कर्मचारियों से तीखी झड़प हो गई। पुलिस के हटते ही वाहन चालकों ने बैरियर हटाना शुरू कर दिया। कर्मचारियों द्वारा विरोध जताने पर वाहन चालकों ने उन्हें भी पीट दिया और वाहन लेकर चले गए।
जीआर इंफ्रा के इंजीनियरों का कहना है कि जबतक स्थानीय पुलिस का हस्तक्षेप नहीं होगा तबतक वाहनों का आना जाना बंद नहीं हो सकेगा। जीआर इंफ्रा के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज बैरवा का कहना है की वाहनों की आवाजाही के चलते कार्य करना मुश्किल हो रहा है जिसके लिए अधिकारियों से वार्ता की गई थी। जिसके बाद अधिकारियों ने परतापुर तिराहे से लेकर डासना तक ट्रैफिक पुलिस तैनात की थी।