मोदीपुरम। छठी वाहिनी पीएसी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में शुक्रवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 12 कर चुके विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधी जानकारी दी गई।
परतापुर स्थित एक यूनिवर्सिटी की विषय विशेषज्ञ अफसा जौहरी, नेहा त्यागी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, चिकित्सा, सिविल सेवा, रक्षा सेवा, चार्टर्ड अकाउंट, सीए प्रबंधन, कानून, पत्रकारिता, सूचना प्रौद्योगिकी, कला एवं मानविकी जैसे क्षेत्रों के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार उपयुक्त कॅरियर चुनने के लिए मार्ग दर्शन किया गया। प्रधानाचार्या लीना शर्मा ने कहा कि ऐसे सत्र विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाते हैं। इस दौरान संजय त्यागी आदि मौजूद रहे।