रोडवेजकर्मियों ने आरएम ऑफिस का घेराव किया
मेरठ। लंबित वेतन विसंगतियों और बकाया महंगाई भत्ते के भुगतान आदि की मांग को लेकर मंगलवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश ने आरएम आफिस पर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि अगर मांगे नहीं मानी गई तो संगठन चक्का जाम करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार और क्षेत्रीय मंत्री लाखन सिंह के नेतृत्व में रोडवेज कर्मचारी शहीद स्मारक के सामने एकत्रित हुए और यहां से जुलूस निकालते हुए आरएम ऑफिस पहुंचे। लाखन ने कहा कि प्रबंधन निगम कारोबार को समेटकर विभाग का अस्तित्व खत्म करने में लगा है। संगठन लगातार कर्मचारियों की मांगें उठा रहा है।
डिपो स्तर से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक प्रदर्शन कर पहले भी ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन प्रबंधन सुनवाई नहीं कर रहा है। जब तक कर्मचारी समस्याओं पर मुख्यालय स्तर से वार्ता कर समाधान नहीं किया जाता है तो यह विरोध जारी रहेगा। शाम को आरएम केके शर्मा को एमडी के नाम पांच सूत्रीय मांग ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर अवतार सिंह, छोटे लाल, विपिन कुमार, रमेश चंद, जयकुमार, महाराज सिंह, संजय राणा, वेदपाल सिंह मौजूद रहे।