कबाड़ी बाजार में थोक पॉलीथिन विक्रेताओं की दुकानों पर छापामारी करने पहुंची निगम की टीम का व्यापारियों ने विरोध किया। इस पर निगम टीम ने थाना पुलिस और अपर नगरायुक्त को मौके पर बुला लिया। व्यापारी और निगम टीम के बीच जमकर नोकझाेंक हुई। हालांकि बाद में एक दुकान का ताला खुलवाकर करीब दो क्विंटल पॉलीथिन जब्त की गई। पांच हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
शासन के निर्देश पर नगर निगम ने पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चला रखा है। पिछले माह भी नगर निगम टीम के रिटायर्ड सैन्य अधिकारी राजकुमार बालियान के नेतृत्व में कबाड़ी बाजार में पॉलीथिन जब्त की गई थी। थोक विक्रेताओं पर प्रतिबंध न लगने के कारण फुटकर दुकानदारों के यहां पॉलीथिन मिल रही थी। बुधवार को नगर निगम के रिटायर्ड सैन्य अधिकारियों की टीम कबाड़ी बाजार पहुंची। इनके साथ में निगम के कर्मचारी भी थे। टीम को देखकर पॉलीथिन के थोक विक्रेताओं ने शटर गिराने शुरू कर दिए। सूचना पर संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारी भी पहुंच गए। टीम का घेराव करने पर राजकुमार बालियान ने अपर नगरायुक्त अमित सिंह को सूचना दी। वह पुलिस लेकर पहुंचे। काफी जद्दोजहद के बाद एक दुकान से 30 किलो तो दूसरी दुकान से दो क्विंटल पालीथिन जब्त की गई।