साकेत में छेड़छाड़ को लेकर हंगामा, पांच युवकों को पकड़ा
मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र के पॉश इलाके साकेत में मंगलवार को छेड़छाड़ को लेकर हंगामा हो गया है। लोगों की भीड़ लगी तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शराब के नशे में हंगामा कर पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
साकेत गोल मार्केट के पास एक युवक और युवती किसी काम से आए थे।
आरोप है कि पांच युवक वहां पहुंचे और युवती के साथ छेड़छाड़ करने लगे। युवती के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लगी। तभी लोगों ने इन पांचों युवकों की घेराबंदी कर ली और पुलिस को सूचना दे दी है। सिविल लाइन थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुल रहमान सिद्दीकी ने पांच लोगों से पूछताछ की।
बताया कि यह पांचों युवक हाई प्रोफाइल परिवार से जुड़े हुए हैं। जिसके चलते पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि युवती पक्ष ने लिखित में थाने में शिकायती पत्र नहीं दिया है। युवक वहां पर हुड़दंग मचा रहे थे, जिसके चलते उन्हें थाने लाया गया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना कि पुलिस अभी मामले की पड़ताल कर रही है। शराब के नशे में धुत युवकों ने हंगामा किया था। जांच में जो सामने आएगा, उसमें कार्रवाई की जाएगी।