बागपत रोड पर मलियाना फ्लाईओवर के पास शराब का ठेका बंद कराने की मांग को लेकर शनिवार को बखेड़ा हो गया। कॉलोनी की महिलाओं ने टीपी नगर पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा कर दिया। पुलिस और महिलाओं में तीखी नोकझोंक हो गई। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि यदि शराब का ठेका नहीं हटा तो वह सड़क पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
मलियाना फ्लाईओवर के पास टीपीनगर क्षेत्र में अंग्रेजी और देशी शराब का ठेका है। कृष्णापुरम कॉलोनी और आसपास के लोगों का कहना है कि ठेके के पास एक इंटर कॉलेज है और निजी शिक्षण संस्थान हैं। पास में मंदिर है। ठेके पर आए दिन मारपीट और छेड़छाड़ की घटना होती है, जिसके कारण स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और आसपास की महिलाओं का जीना दुश्वार हो रखा है।
आरोप है कि टीपी नगर पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने ठेका संचालक से साठगांठ कर ली। वहीं आबकारी विभाग के अधिकारी सुनने को तैयार नहीं। 29 अप्रैल से महिलाएं ठेके के बाहर धरना दे रही हैं। लोगों ने एसएसपी और डीएम को भी शिकायती पत्र भेजा है। हंगामा करने वालों में सरोज, गीता, संतोष, सुरेश, सुदेश, मिथलेश, सावित्री, कृष्णा, विक्रांत, विनोद आदि रहे।