सरधना। मोहल्ला आजाद नगर में स्वकर प्रणाली में टैक्स वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन करते लोग। स्था
सरधना। नगर पालिका में स्वकर प्रणाली के तहत टैक्स में भारी वृद्धि के विरोध में मंगलवार को सभासद इमरान ठाकुर के नेतृत्व में सभी वार्डों के सभासदों और नगरवासियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कर दरों में हो रही अत्यधिक वृद्धि और जनजागरूकता की कमी पर गंभीर आपत्ति दर्ज की गई।
ज्ञापन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई स्वकर प्रणाली के तहत सरधना समेत अन्य नगर निकायों में टैक्स की दरों में 5 से 10 गुना तक बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे न केवल व्यवसायिक प्रतिष्ठानों बल्कि आम नागरिकों पर भी काफी आर्थिक बोझ पड़ा है। सभासदों ने बताया कि क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब, नर्सिंग होम, मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज, बैंक, मॉल और समारोह भवन जैसे प्रतिष्ठानों से तीन गुना टैक्स वसूला जा रहा है। आवासीय भवनों और प्लॉट्स पर लगभग 10 गुना कर लगाया गया है। सड़क की चौड़ाई के आधार पर भी टैक्स दरें तय की गई हैं, जिससे लोगों में असंतोष है।
सभासद इमरान ठाकुर ने बताया कि कुछ माह पूर्व इस मुद्दे पर चार दिन तक अनिश्चितकालीन धरना भी दिया गया था, जो तत्कालीन एडीएम और पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया था। लेकिन अब तक न तो आपत्तियों की दोबारा प्रक्रिया शुरू की गई और न ही टैक्स दरों में कोई संशोधन किया गया। ज्ञापन में स्वकर प्रणाली के तहत कर दरों में की गई अत्यधिक वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने या उचित संशोधन करने की मांग की। पुनः आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू कर जनसुनवाई की जाए और उसके आधार पर कर निर्धारण किया जाए। इस दौरान सभासद इमरान ठाकुर, यूनुस, फैजान, शकील, शाहिद, नफीस, वकील दिलशाद, आमिर, शौकत अली शामिल रहे।