संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव मालीपुर में बुलेट मोटरसाइकिल से तेज आवाज में पटाखे फोड़ने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि नाराज युवकों ने साथियों के साथ मिलकर घर पर हमला बोल दिया और पथराव कर तोड़फोड़ कर दी। घटना में महिलाओं और बच्चियों समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
गांव मालीपुर निवासी पांडे सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के ही तीन-चार युवक उनके घर के मुख्य गेट के पास बुलेट मोटरसाइकिल से तेज आवाज में पटाखे फोड़ रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी गुस्से में आ गए।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी धारदार और घातक हथियार लेकर उनके घर पर हमला करने आए। सभी ने मिलकर घर पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पीड़ित का आरोप है कि हमले में पांडे सिंह, महाराज सिंह, सुष्मिता और महाराज सिंह की तीनों बेटियां कृष्ण लता समेत अन्य को चोटें आई हैं। आरोपियों ने घर के बाहर लगा बिजली का मीटर भी तोड़ दिया और जमकर गाली-गलौज की। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। उन्होंने थाना हस्तिनापुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।