जैन बोर्डिंग हाउस में चल रहे सिद्ध चक्र महामंडल विधान में 800 विधानार्थियों ने की जिनेंद्र भगवान की आराधना
परिवार के साथ भोजन और भजन से बढ़ता है आपसी जुड़ाव
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। जैन बोर्डिंग हाउस में आचार्य सौरभ सागर महाराज के सानिध्य में पुष्प वर्षा योग समिति द्वारा चल रहे श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने भक्ति और श्रद्धा के साथ जिनेंद्र भगवान की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर आचार्य सौरभ सागर महाराज ने प्रवचन में कहा कि मनुष्य को प्रतिदिन भगवान की आराधना में लगना चाहिए। क्रोध और अहंकार मनुष्य को विवेकहीन बना देते हैं। परिवार में भी क्रोध और अहंकार से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल धन और वैभव से जीवन में सुख-शांति नहीं आती। प्रभु की आराधना ही जीवन में वास्तविक सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करती है। सप्ताह में कम से कम एक बार पूरा परिवार साथ बैठकर भोजन करें और एक साथ भजन, पाठ, मंदिर दर्शन या तीर्थ यात्रा करें। मेरठ जैन समाज के अध्यक्ष एवं पुष्प वर्षा योग समिति के अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज ने विधानार्थियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए लकी ड्रॉ कराया। इसमें वॉशिंग मशीन, मिक्सर ग्राइंडर, पांच डिनर सेट और प्रेस विजेताओं को मनोज जैन की ओर से प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान की मंगल शांतिधारा से हुआ। इसका सौभाग्य राकेश जैन बीआईटी एवं बिजेंद्र जैन कालिंदी कुंज परिवार को प्राप्त हुआ। चित्र अनावरण श्यामलाल जैन एडवोकेट एवं बिजेंद्र जैन कालिंदी कुंज ने किया। दीप प्रज्ज्वलन अनंतवीर जैन, शैलेश जैन आनंदपुरी एवं सुधीर जैन ने किया। पंडित संदीप जैन शास्त्री सजल के निर्देशन में संगीतकार पारस जैन की सुमधुर प्रस्तुतियों के बीच करीब 800 विधानार्थियों ने जिनेंद्र भगवान की पूजन, वंदन, विधान और भक्ति की। कार्यक्रम में सुरेंद्र जैन, अनिल जैन कक्कू, हंस कुमार जैन, रितेश जैन, प्रवीण जैन, विपिन जैन, राकेश जैन, राजीव जैन, नितिन जैन रहे।
नाटिका मंचन देख हुए भाव विभोर
रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध टीवी कलाकार सौरभ जैन ने महासती मैनासुंदरी नाटक का सजीव मंचन किया। महासती मैनासुंदरी ने सिद्ध चक्र महामंडल विधान के माध्यम से अपने पति श्रीपाल के कुष्ठ रोग को दूर किया था। कलाकार की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।