सरूरपुर। विकास खंड सभागार में बृहस्पतिवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान ने की। ग्राम प्रधानों ने सड़क, नालियां और स्ट्रीट लाइट की मांग रखी। इस दौरान क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक में करीब दो करोड़ के प्रस्ताव पास किए गए।
ब्लाॅक सभागार में ब्लाक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान और कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी पीडी सुनील कुमार की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें क्षेत्र में कई विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव रखे गए। बैठक में गोटका, डाहर, पांचली बुजुर्ग, जसड़, जैनपुर, कालंद, पाली, कलंदी, छुर, मुल्हेड़ा, पथौली, भूनी, कक्केपुर, मेहरमती, गणेशपुर, मैनापूठी आदि गांवों में सड़कों को लेकर ग्राम पंचायत की तरफ से प्रस्ताव रखे गए। साथ ही गांवों में नालियां बनाने के भी प्रस्ताव रखे गए। बैठक में मौजूद प्रधानों को अन्य विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी पीडी सुनील कुमार ने मेरठ महोत्सव, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, समाज कल्याण समेत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका, ग्राम प्रधान नाजरीन चौहान, मशरूफ राणा, सेंन्सरपाल, नौशाद, टिंकू, राजकुमार, कुंवरपाल, अफजाल, भूरा, रंजन व बीडीसी सदस्य हशरत, बिजेंद्र, सद्दाम, टीटू, साजिद, दीपक आदि मौजूद रहे।