नगर पंचायत बोर्ड बैठक में सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
हस्तिनापुर। नगर पंचायत सभागार में शुक्रवार को मासिक बोर्ड बैठक हुई। इसमें बोर्ड के सदस्यों ने नगर के विकास की मांग उठाई। बैठक में कई वार्डों के सभासदों ने नगर में घूम रहे आवारा पशु से मुक्ति दिलाए जाने का प्रस्ताव रखा। वहीं, द्रोपदी घाट के सुंदरीकरण, पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने पर जोर दिया। वहीं, सड़क किनारे पड़े रोड़ी एवं डस्ट आदि हटवाने समेत करोड़ों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुए।
नगर पंचायत की मासिक बोर्ड बैठक में सबसे पहले मुख्यमंत्री की नमामि गंगे यात्रा को देखते हुए नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने, आने वाले मौसम में मच्छरों की रोकथाम के लिए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने, टूटी पुलिया की मरम्मत, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में नगर को प्रथम रैंक दिलाने के लिए हरसंभव कार्य किए जाने पर चर्चा की गई। बोर्ड बैठक में वार्ड दो के सभासद कमल सिंह ने नगर पंचायत द्वारा नगर में पानी के टैंकर नियमानुसार दिए जाने की मांग उठाई। वहीं, नगर की टूटी सड़कों की मरम्मत कराने, अंबेडकर मार्केट में बंद पड़े शौचालय को दुरुस्त कराने आदि का प्रस्ताव रखा। वार्ड सात के सभासद सुनील कुमार ने सफाईकर्मियों के नहीं आने की शिकायत की। वहीं, सभासद मुनेश देवी एवं रमन ने मुख्य मार्ग की भव्यता बढ़ाने के लिए सड़क के दोनों ओर टाइल्स लगवाए जाने की मांग उठाई। कस्बे के लोगों के लिए सिरदर्द बन चुके आवारा मवेशियों से मुक्ति दिलाने का प्रस्ताव रखा। उक्त सभी प्रस्ताव चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पास किए गए। बोर्ड बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा जिन वार्डों में निर्माण कार्य का प्रस्ताव किया गया है वहां शीघ्र कार्य कराए जाएंगे। साथ ही नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का हरसंभव प्रयास नगर पंचायत द्वारा किए जा रहा है। वार्ड छह के सभासद रजनीश कर्णवाल ने 27 जनवरी को नगर से होकर गुजरने वाली गंगा यात्रा के स्वागत की हरसंभव तैयारी किए जाने का प्रस्ताव रखा। बोर्ड बैठक में अन्य सभासद रोहित कैन, सुनील, रविता, अमित पाइक, भारती रहेजा, श्वेता सिंह आदि ने भी नगर के विकास के दर्जनों प्रस्ताव रखे। इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मुकेश मिश्र ने सभी प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से विचार कर आगे बढ़ाने की कार्रवाई शुरू की। यहां नगर पंचायत के लेखा लिपिक अनिल विश्नोई, यशपाल सिंह, श्रीपाल सिंह, अमित, संजय जीनवाल आदि मौजूद रहे।