मेरठ। कैंट क्षेत्र के लोग जल्द ही अपनी संपत्ति को क्रय-विक्रय कर सकेंगे। इसके अलावा कैंट में मोबाइल सिग्नल की समस्या भी जल्द दूर होगी। मध्य कमान लखनऊ से आए प्रधान निदेशक बीएस राजेश्वर की बोर्ड उपाध्यक्ष समेत सदस्यों से डेढ़ घंटे चली वार्ता में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात हुई, जिसमें उन्होंने अपनी सहमति जता दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि लखनऊ पहुंचने के बाद सभी प्रमुख मामलों पर गाइडलाइंस जारी की जाएगी।
बैठक में सबसे पहले दस सालों से कैंट क्षेत्र में संपत्ति को क्रय-विक्रय करने में आ रही परेशानी का मामला रखा गया। प्रधान निदेशक ने इस मामले पर एनओसी देने पर सहमति जता दी। कैंट क्षेत्रवासी जल्द ही रजिस्ट्री प्रक्रिया भी कर सकेंगे। आय बढ़ाने के लिए कंपोजिशन स्कीम लागू कराने पर भी रजामंदी दी। उनसे मांग की गई थी कि इनमें निर्माण कराने पर शमन शुल्क लेकर इसे वैध माना जाए। वहीं, सदस्य विपिन सोढ़ी ने कैंट क्षेत्र की वोटर लिस्ट को फोटोयुक्त करने का मामला उठाया, जिससे चुनाव में गड़बड़ी पर रोक लगाई जा सके ।
इसके अलावा कैंट में मोबाइल टॉवर का मामला लंबे समय से चल रहा है। जून-2017 में इसे बोर्ड बैठक में रखा गया था। रक्षा मंत्रालय की तरफ से लीज पर डिफेंस की जमीन लेकर टॉवर लगाने को हरी झंडी मिली थी। 30 जून 2018 में टेंडर निकाला गया, जिसमें इंडस और अमेरिकन टॉवर कंपनी ने कैंट बोर्ड से संपर्क किया। कैंट बोर्ड और स्टेशन कमांडर ने 25 साइटों को फाइनल किया था। 14 मार्च 2019 को हुई बोर्ड बैठक में इंडस टॉवर पर सहमति बनाकर प्रस्ताव पास किया गया था। इसके बाद यह प्रस्ताव लखनऊ मध्य कमान प्रधान निदेशक को भेजा था।
सीएबी को डिग्री कालेज बनाने पर चर्चा
बैठक में आधारशिला स्कूल को इंटरमीडिएट और सीएबी इंटर कॉलेज को डिग्री कॉलेज करने की मांग रखी गई। इस पर चर्चा हुई। इसके अलावा आबूलेन पर मल्टीलेवल पार्किंग के लिए पीपीपी मॉडल या बीओटी पर प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया।
उपाध्यक्ष के घर रात्रि भोज
कई फैसलों पर मुहर लगने के बाद कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा के आवास पर रात्रि भोज का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधान निदेशक बीएस राजेश्वर, रक्षा संपदा अधिकारी भावना सिंह, सीईओ प्रसाद चव्हाण सहित कैंट बोर्ड सदस्य मौजूद रहे। बैठक से वार्ड -5 सदस्य अनिल जैन और वार्ड-1 सदस्य रिनी जैन अनुपस्थित रहीं। उपाध्यक्ष बीना वाधवा, मंजू गोयल, विपिन सोढ़ी, बुशरा कमाल, नीरज राठौर, धर्मेंद्र सोनकर आदि मौजूद रहे।
प्रधान निदेशक ने किया निरीक्षण
बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रधान निदेशक बीएस राजेश्वर ने कैंट क्षेत्र का निरीक्षण किया। वे भैसाली मैदान में बन रहे एसटीपी, सीएबी इंटर कॉलेज, गांधी बाग पहुंचे और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डोर-टू-डोर कूड़े का ठेका होगा बंद
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ने भी प्रधान निदेशक को ज्ञापन सौंपा। कहा कि लगभग छह महीने से समय पर वेतन न मिलने के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भरण पोषण नहीं हो पा रहा है। छावनी परिषद कर्मचारी यूनियन ने ज्ञापन सौंपकर समस्याएं बताई। रिक्त पदों पर भर्ती करने, पांच प्रतिशत कोटा जनवरी महीने में मृतक आश्रितों को भर्ती कर देने जैसी मांगें रखीं। प्रधान निदेशक ने सीईओ को निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का ठेका तुरंत बंद कर मृतक आश्रितों को भर्ती करें। अवैध निर्माण तोड़ने में सफाई कर्मचारियों को न लगाने के आदेश दिए। इस मौके पर संयुक्त सचिव विक्रांत शर्मा, यूनियन अध्यक्ष योगेश यादव, महामंत्री नवीन चंद पंत, भारत सिंह आजाद, राजू पेंटर आदि मौजूद रहे।
ये हैं मोबाइल टॉवर की साइट
बंगला नंबर 173 आबूलेन, मेजर रणवीर पार्क बीसी बाजार, निकट एसएसडी लालकुर्ती बीआई बाजार, निकट आरए बाजार, रोड साइड निकट वोल्गा रेस्टोरेंट, बुचरी रोड लालकुर्ती बीआई बाजार, निकट रानी लक्ष्मीबाई पार्क आरए बाजार, गांधी बाग, निकट चाट बाजार हिल स्ट्रीट सदर बाजार, निकट वूमेन गेस्ट हाउस बीसी बाजार, बंगला नंबर 227 वेस्ट एंड रोड, निकट शक्ति धाम मंदिर लालकुर्ती बीआई बाजार, टंडेल मोहल्ला बीसी बाजार, अंबेडकर पार्क सदर बाजार, बंगला नंबर 193 नया बाजार, भगत लाइंस शॉपिंग सेंटर, सीमेंट्री लाइंस, आर्मी पब्लिक स्कूल, एरिया गोल्फ कोर्स, चार्जिंग रैम प्री-प्राइमरी स्कूल।
अब तक का ऐतिहासिक फैसला
कैंट क्षेत्रवासियों के लिए इससे बड़ा दिन हो नहीं सकता। सभी के सहयोग से यह संभव हुआ है। मोबाइल टॉवर और संपत्ति रजिस्ट्री पर हामी भरना ऐतिहासिक फैसला है। सभी सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई। - बीना वाधवा, कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष