संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मऊखास गांव में स्थित श्री राम मंदिर की छठवीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में सात दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। मंगलवार को कथा के चौथे दिन भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के कई गांवों से गुजरी। इसमें नंगलामल, समयपुर, बढ़ला कैथवाड़ा और सिसौली जैसे गांव शामिल थे। यात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और संकटमोचन हनुमान की मनमोहक झांकियां शामिल थीं। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली। यात्रा का हर गांव में जोरदार स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा की और आरती उतारकर प्रभु का आशीर्वाद लिया। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा के मंदिर परिसर लौटने के बाद कथाव्यास मधुकर गुरु ने प्रवचन दिए। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जीवन के दिव्य प्रसंगों पर प्रकाश डाला। गुरु ने श्रद्धालुओं को मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके भजनों पर पंडाल में मौजूद भक्त झूमने लगे। कौशल तोमर, देव कुशवाहा, पवन तोमर, अमित तोमर, पंकज तोमर, सतीश गुप्ता, विक्रम तोमर, अनिल तोमर और अंकुर तोमर ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग किया।