कब्रिस्तानों की चारदीवारी के लिए पूर्व की सपा सरकार द्वारा भेजी गई धनराशि डीएम बी. चंद्रकला ने अवमुक्त करनी शुरू कर दी है। 1.93 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं और करीब छह करोड़ रुपये अवमुक्त करने की तैयारी है। करीब 50 कब्रिस्तानों की चारदीवारी की जानी है। उधर, भाजपा के पूर्व विधायक डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इसका विरोध कर दिया है।
पूर्व की प्रदेश सरकार ने कब्रिस्तानों की चारदीवारी के लिए प्रदेश भर में पैसा जारी किया था। यह मुद्दा तब बन गया, जब चुनावी रैलियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कब्रिस्तानों की चारदीवारी हो सकती है तो श्मशान घाट की क्यों नहीं? इधर सत्ता परिवर्तन हुआ और सूबे में भाजपा की सरकार आ गई। योगी आदित्य नाथ ने भी मौखिक रूप से ऐसे धन का प्रयोग करने से पहले मंजूरी लेने की बात कही।
इसके बावजूद इसी माह की 23 तारीख को डीएम ने कब्रिस्तानों की चारदीवारी के लिए आए धन में से एक करोड़ 93 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए। अब डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कहना है कि डीएम ने बुधवार शाम बाकी पांच करोड़ 89 लाख रुपये की रकम अवमुक्त करने के लिए पत्रावलियां तलब कर ली हैं।