हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर घाट पर गंगा में डूबे चार चचेरे भाइयों में अंतिम लापता प्रियांशु सैनी का शव भी सोमवार सुबह मिल गया। पोस्टमार्टम के बाद जब उसका शव गांव जलालपुर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। गमगीन माहौल में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया। उधर, चारों युवकों के शव मिलने के बाद चार दिनों से चल रहा सर्व अभियान खत्म हो गया।
इंचौली थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी परिवार की बुजुर्ग दादी भगवती के अंतिम संस्कार में शुक्रवार को चारों चचेरे भाई शामिल होने परिवार के साथ मखदूमपुर गंगा घाट पर गए थे। अंतिम संस्कार के बाद गंगा में स्नान करते समय सोनू सैनी के दोनों पुत्र दीपांशु (17) व प्रियांशु (15) और कमल सैनी के पुत्र हिमांशु (17)व अभिषेक (21)गंगा में डूब गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत दल की टीम ने चार अप्रैल शनिवार को अभिषेक, हिमांशु और दीपांशु के शव बरामद कर लिए थे, जबकि प्रियांशु के शव की तलाश में अभियान जारी रहा।
आखिरकार सोमवार सुबह टीम को सफलता मिली और प्रियांशु का शव भी बरामद कर लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही प्रियांशु का शव गांव पहुंचा, परिजनों में का रो रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान पूरा गांव शोक में डूबा नजर आया। इस दौरान सरधना विधायक अतुल प्रधान भी गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं। चारों चचेरे भाइयों की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर मिला शव
हस्तिनापुर। मखदूमपुर गंगा घाट पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद चार दिन तक चले सर्च अभियान में लापता चौथे युवक प्रियांशु का शव भी सोमवार को बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही गंगा में चल रहा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का सर्च अभियान समाप्त हो गया। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रियांशु का शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। पिछले चार दिनों से परिजन गंगा किनारे डेरा डाले हुए थे और अपने बेटे के मिलने की उम्मीद में हर पल इंतजार कर रहे थे।