बर्लिन चैंपियनशिप में किया प्रतिभाग, मेरठ का नाम रोशन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ की पैदल चाल खिलाड़ी प्रियंका गोस्वामी ने एक बार फिर विदेश में देश का झंडा ऊंचा किया। उन्होंने रविवार को बर्लिन चैंपियनशिप में 10 किमी पैदल चाल में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। प्रियंका 20 किमी पैदल चाल की खिलाड़ी हैं और इस स्पर्धा में कई पदक जीत चुकी हैं।
रविवार को उन्होंने बर्लिन चैंपियनशिप में 10 किमी पैदल चाल में प्रतिभाग किया और यह दौड़ उन्होंने 43 मिनट 49 सेकंड में पूरी की ओर पहला स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच गौरव त्यागी ने भी उन्हें बधाई दी। प्रियंका गोस्वामी के नाम 20 किमी पैदल चाल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। यह 1 घंटा 28 मिनट और 25 सेकंड का है। वह देश के लिए ओलंपिक में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं। 2020 टोक्यो ओलंपिक में प्रियंका 17वें स्थान पर रहीं और 2024 ओलंपिक खेलों में प्रियंका 41वें स्थान पर रहीं।